उदयपुर। राजस्थान में उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में एक नर्सिंग छात्र की चाकू मार कर हत्या करने का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि हिरण मगरी सेक्टर-14 स्थित श्रीराम अपार्टमेंट के पास रहने वाला दिनेश कुमार बुधवार शाम को मोटरसाइकिल ठीक करवाने के लिए घर से निकला था। रात करीब 10 बजे परिवार के लोगों को सूचना मिली कि वह एमबी अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती है। परिजन अस्पताल पहुंचे तब तक दिनेश की मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार दिनेश, ललित गमेती और एक अन्य दोस्त मोटरसाइकिल पर साथ में थे। दिनेश और ललित के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद गुस्से में ललित ने दिनेश पर चाकू से वार कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में ललित गमेती को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच, महाराणा भूपाल अस्पताल के शवगृह के बाहर मृतक के परिजनों ने हत्या के विरोध प्रदर्शन किया।



