केंद्रीय भंडार निगम ने मदन दिलावर को सौंपा 44 लाख रुपए का चेक

0

कोटा। केन्द्रीय भंडार निगम ने राजस्थान में कोटा जिले में रामगंजमंडी क्षेत्र के राजकीय चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगभग 44 लाख रुपए मूल्य के आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है।

निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रिंस कुमार ने गुरुवार को शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर को कोटा स्थित उनके निजी आवास पर सहायता राशि 44 लाख रुपए का चेक सौंपा।

इस अवसर पर कुमार ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार करना, स्वास्थ्य संस्थानों की क्षमता को बढ़ाना तथा आमजन को समयबद्ध एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करने में सहयोग प्रदान करना है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल राज्य सरकार के स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएगी तथा क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्ता पूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

इस अवसर पर दिलावर ने केंद्रीय भंडार निगम का आभार व्यक्त किया और विधानसभा क्षेत्र की चिकित्सा सुविधाओं की मजबूती के लिए सहयोग देने के लिए निगम के क्षेत्र प्रबंधक का आभार प्रकट किया।