गुरुग्राम में पुलिस-गैंगस्टर मुठभेड़, दीपक नांदल गैंग के 4 शूटर ढेर, 3 पुलिसकर्मी घायल

0

गुरुग्राम। हरियाणा में गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में पुलिस और गैंगस्टर दीपक नांदल गिरोह के बदमाशों के बीच हुई गुरुवार रात भीषण मुठभेड़ में चार शार्प शूटर मारे गए, जबकि एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से एक सहायक उप निरीक्षक सहित तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का मेदांता अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा (सीपी) ने चार बदमाशों की मौत और तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब 11 बजे सुशांत लोक के ए-ब्लॉक में एक प्रॉपर्टी डीलर के घर के बाहर अपराध शाखा की टीम का दीपक नांदल गैंग के पांच शूटरों से सामना हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर कथित तौर पर रंगदारी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।

दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में 20 से अधिक गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में चार शूटर मौके पर ही मारे गए, जबकि पांचवां घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उल्लेखनीय है कि दीपक नांदल गैंग का नाम इससे पहले भी चर्चित मामलों में सामने आ चुका है। दो मई की रात कन्हई गांव में हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया के प्रबंधक सौरभ के घर पर हुई फायरिंग के मामले में भी इसी गिरोह के चार गुर्गों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।