नाबालिग लड़की से मारपीट करने के आरोप में अभिनेता रोहित चंदेल अरेस्ट

0

मुंबई। मुंबई पुलिस ने 16 साल की लड़की को परेशान करने, उसका पीछा करने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में टेलीविजन अभिनेता रोहित चंदेल को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि चंदेल के खिलाफ बच्चों का यौन अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार नाबालिग ने अपनी शिकायत में बताया कि चंदेल उससे बात न करने की इच्छा जताने के बावजूद लगातार संपर्क करने की कोशिश करते रहते थे।

जांचकर्ताओं ने बताया कि लड़की के जवाब देना बंद करने के बावजूद अभिनेता अपने नंबर और अन्य मोबाइल नंबरों से बार-बार फोन करते रहते थे। शिकायत में आरोपी के द्वारा नाबालिग का पीछा किए जाने और उसे परेशान करने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने बताया कि 5 जुलाई को चंदेल ने पूर्वी उपनगरों में लड़की को उसके रिहायशी कॉम्प्लेक्स के पास रोका और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

मुंबई पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद पॉक्सो अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं (पीछा करने, परेशान करने और जानबूझकर चोट पहुंचाने जैसे अपराधों के लिए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।