सनातन संस्था की सद्गुरु अंजली गाडगीळ ने किए खोले के हनुमान जी में दर्शन

0

साधकों को मिला गुरुपूर्णिमा से पूर्व अमूल्य मार्गदर्शन
जयपुर। सनातन संस्था की सद्गुरु श्रीचित्‌शक्ति अंजली गाडगीळ इन दिनों राजस्थान प्रवास पर हैं। इस दिव्य प्रवास के दौरान उन्होंने जयपुर के अत्यंत जागृत और प्रसिद्ध खोले के हनुमान जी मंदिर में जाकर दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने प्रभु हनुमान जी के चरणों में हिंदू राष्ट्र की शीघ्र स्थापना तथा सनातन संस्था के संस्थापक सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत आठवले जी के दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य के लिए अत्यंत भावपूर्ण प्रार्थना की। इस दर्शन यात्रा के दौरान जयपुर के ऋषि राठी, अर्चना खेमका एवं स्थानीय साधक परिवार उपस्थित रहे।

मंदिर प्रशासन ने किया आत्मीय स्वागत

हनुमान जी के दर्शन के उपरांत मंदिर के मुख्य पुजारी पवन कुमार ने सद्गुरु श्रीचित्‌शक्ति अंजली गाडगीळ का हार पहनाकर आत्मीय सम्मान किया। उन्हें प्रभु का सिद्ध सिंदूर और पहनाया हुआ वस्त्र प्रसाद स्वरूप भेंट किया गया। भेंट के दौरान मुख्य पुजारी ने इस प्राचीन मंदिर के गौरवशाली इतिहास और इसकी महत्ता से अवगत कराते हुए बताया कि यहां विराजमान हनुमान जी भक्तों की मनोकामनाएं निश्चित रूप से पूर्ण करते हैं और प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन लाभ लेते हैं। इस भेंट के अंत में सद्गुरु ने मुख्य पुजारी को गोवा में सनातन आश्रम आने का स्नेहिल निमंत्रण भी दिया।

साधकों से आत्मीय संवाद और अमृतमय मार्गदर्शन

अपने इस प्रवास के दौरान सद्गुरु श्रीचित्‌शक्ति अंजली गाडगीळ ने जयपुर के सनातन संस्था के साधकों से विशेष भेंट की। आगामी गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर से ठीक पहले हुए इस आत्मीय संवाद में साधकों को सद्गुरु का अमृतमय मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

संवाद के दौरान साधकों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्होंने साधना में निरंतरता बनाए रखने, ईश्वर के प्रति भाव बढ़ाने और राष्ट्र व धर्म सेवा के लिए स्वयं को समर्पित करने की प्रेरणा दी। सद्गुरु की वंदनीय उपस्थिति और उनके चैतन्यमयी वचनों को सुनकर साधकों का उत्साह द्विगुणित हो गया। साधकों ने अनुभव किया कि गुरुपूर्णिमा से पूर्व ही उन्हें गुरु-कृपा की समष्टि अनुभूति प्राप्त हो गई है, जिससे सभी में साधना और सेवा के प्रति एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।