अलवर : खेत में कुंड में डूबने से दो बालकों की मौत

1

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले की ग्राम पंचायत द्वारापुर में रविवार को खेत में बने कुंड में नहाने गए दो बालकों की डूबने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, द्वारापुर गांव के छह बच्चे रविवार दोपहर को गांव के पास स्थित एक खेत में छोटे कुंड में नहाने गए थे। नहाने के दौरान नरेंद्र प्रजापत (15) और गोलू बलाई (13) अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को बचाने की कोशिश में वहां मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला और तत्काल थानागाजी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये।

डम्पर की चपेट में आने से किशोर की मौत

अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को डम्पर की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान दिलजीत सिंह ((17) के रूप में हुई है। दिलजीत किसी काम से मोटर साइकिल से रामगढ़ बाजार आया था। वहां से वह दोपहर में अपने गांव लौट रहा था कि अलवर-दिल्ली राजमार्ग पर बीजवा गांव के समीप एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक डंपर सहित फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए राजमार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास किया, लेकिन थाना पुलिस ने समझाकर स्थिति को संभाल लिया।