झुंझुनूं : चलती ट्रेन से तीन करोड़ रुपए का गोल्ड चोरी प्रकरण का खुलासा

3

झुंझुनूं/जयपुर/जींद। राजस्थान की झुंझुनूं जिला पुलिस और हरियाणा पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) ने चलती ट्रेन से तीन करोड़ रुपए के सोने के जेवरात चोरी होने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए नवलगढ़ इलाके से तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जमीन में गाड़कर छिपाया गया करीब दो करोड़ रुपए मूल्य का भारी मात्रा में सोना बरामद कर लिया है। झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने हरियाणा में घटित इस संवेदनशील और बड़ी चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ पुलिस को त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की धरपकड़ के विशेष निर्देश दिए थे।

यह वारदात गत 10 जून को घटित हुई थी। करौली जिले के बड़ागांव निवासी नरेंद्र सिंह गुर्जर भटिंडा की एक प्राइवेट लॉजिस्टिक फर्म में सोने के गहनों की डिलीवरी का काम करता है। वह दिल्ली से करीब तीन करोड़ रुपए मूल्य के सोने के गहनों से भरा बैग लेकर दिल्ली-भटिंडा ट्रेन से रवाना हुआ था।

सफर के दौरान जब ट्रेन हरियाणा के जाखल स्टेशन पर रुकी तो नरेंद्र पानी की बोतल लेने के लिए नीचे उतरा। इसी दौरान पीछे से घात लगाए बैठे अज्ञात चोरों ने उसकी सीट पर रखा गहनों से भरा बैग पार कर दिया। वापस लौटने पर जब बैग गायब मिला। इस संबंध में जीआरपी थाना जींद (हरियाणा) में चोरी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच के लिए विशेष एसआईटी का गठन किया गया था।

मामले की तकनीकी और जमीनी कड़ियों को जोड़ते हुए हरियाणा पुलिस की एसआईटी सात और 10 जुलाई को नवलगढ़ थाने पहुंची। इसके बाद नवलगढ़ थाना पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सूचनाएं पुख्ता की और दोनों राज्यों की पुलिस ने एक संयुक्त रणनीति बनाकर नवलगढ़ की डेरावाली ढाणी में ताबड़तोड़ दबिश दी।
पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर वहां छिपे तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

आरोपियों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने चोरी की बात कबूलते हुए जेवरात को एक एक जगह जमीन के अंदर गाड़कर छिपाने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो करोड़ रुपए मूल्य का चोरी का सोना बरामद कर लिया।

इस बड़ी वारदात को अंजाम देने और माल को ठिकाने लगाने के आरोप में पुलिस ने झुंझुनूं जिले के ही तीन युवकों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान ऋषभ एवं गोविंद निवासी डेरावाली ढाणी नवलगढ़ और बबलू निवासी नवलड़ी थाना नवलगढ़ के रूप में हुई।