भरतपुर में सेवर की खुली जेल से फरार तीन कैदियों ने जयपुर में की अपने ही दोस्त की हत्या

2

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के सेवर की खुली जेल से फरार होकर तीन कुख्यात कैदियों द्वारा रविवार देर रात जयपुर में मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास आतिश मार्केट के एक क्लब में बर्थ-डे पार्टी के दौरान चाकू घोंपकर अपने ही दोस्त की हत्या कर देने के बाद भरतपुर जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

जेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जयपुर की जन्मदिन पार्टी में धौलपुर बखेड़ी निवासी अन्नू गुर्जर (25) की हत्या के आरोपियों की पहचान जेल से फरार आकाश गुर्जर, हन्नी गुर्जर, गजेन्द्र गुर्जर के रूप में हुई है, जिन्हें भरतपुर के चर्चित डॉक्टर दम्पति की हत्या के मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर के साथ गिरफ्तार किया गया है।

मृतक अन्नू गुर्जर अपने ममेरे भाई कल्लू गुर्जर की जन्मदिन पार्टी में आया था। रविवार देर रात करीब ढाई बजे किसी बात को लेकर पार्टी में शामिल एक लड़की को अन्नू गुर्जर द्वारा थप्पड़ मारने पर हुए विवाद पर बदमाशों ने अपने साथी अन्नू गुर्जर पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वे ही घायल को जयपुरिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीनों आरोपी अपने साथियों के साथ भरतपुर ओपन जेल से फरार होकर जयपुर आए थे। बताया गया कि अन्नू गुर्जर कैदी कुलदीप और कुल्लू के मामा का लड़का था। जयपुर पुलिस की ओर से अनुज गुर्जर सहित आठ बदमाशों को हिरासत में ले लिया गया है। खुली जेल से फरार बदमाशों के खिलाफ अलग से भी मामला दर्ज किया गया है।