जैसलमेर में पशुधन चिकित्सक एवं पशुधन निरीक्षक 3000 रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

1

जैसलमेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को जैसलमेर जिले में राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय मोहनगढ़ के पशुधन चिकित्सक डॉ राघव डोई एवं पशुधन निरीक्षक सोनू रैगर को तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि इन दोनों ने आपसी मिलीभगत कर परिवादी एवं उसके भाई द्वारा राज्य सरकार के पशुपालन विभाग द्वारा चलायी जा रही ऊंट संरक्षण योजना के तहत आवेदन करने पर इस योजना में देय अनुदान राशि 10-10 हजार की दो किश्ते (गर्भवती ऊंटनी के संरक्षण के लिए प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात उसके बच्चे के लिए) दिलाने के क्रम में दोनों भाइयों के आवेदनों का सत्यापन करने, उनकी ऊंटनी एवं उसके बच्चे की टैगिंग करने के पश्चात आवेदनों को ऑनलाइन कर किश्तें इनके बैंक खातों में डलवाने की एवज में प्रति आवेदन दो हजार रुपए के हिसाब से चार हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग की गई।

श्रीवास्तव ने बताया कि सोनू रैगर द्वारा एक हजार रुपए पूर्व में परिवादी से जरिये फोन पे प्राप्त किए एवं इसके बाद सोमवार को पशु चिकित्सालय मोहनगढ में डॉ डोई के कहेनुसार उनके समक्ष ही आरोपी सोनू रैगर द्वारा परिवादी से शेष रिश्वत के तीन हजार प्राप्त कर अपनी जेब में रखने के पश्चात दोनों आरोपियों को मौकास्थल से ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत के तीन हजार रुपए आरोपी सोनू रैगर से बरामद किए गए।

उन्होंने बताया कि ब्यूरो के हेल्प लाइन नंम्बर 1064 के माध्यम से एसीबी चौकी बाड़मेर में इस संबंध में शिकायत मिली थी और इस मामले में रिश्वत की मांग कर पूर्व में ही एक हजार रुपए ले लिए थे। आरोपियों से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी हैं। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।