चेन्नई। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में पुलिस ने एक टेलीविजन अदाकारा को फिल्म के लिए अश्लील फोटो खिंचवाने के लिए मजबूर करने के आरोप में एक फिल्म निर्माता और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सालिग्रामम की रहने वाली 31 वर्ष की अभिनेत्री से नंदी रामनाथन नामक व्यक्ति ने संपर्क किया था। उसने खुद को फिल्म निर्माता बताते हुए अभिनेत्री को अपनी फिल्म में एक देवी की भूमिका की पेशकश की थी। इसके बाद उसने अभिनेत्री को इस क्षेत्र के एक होटल में फोटो खिंचवाने और चयन साक्षात्कार के लिए बुलाया था।
पुलिस ने बताया कि अभिनेत्री तय स्थान पर पहुंची जहां उसे नंदी रामनाथन और दो महिलाएं मिलीं, जिन्होंने उसकी योग्यता की जांच की। अपने मोबाइल फोन से कुछ तस्वीरें लेने के बाद, उनमें से एक महिला ने कथित तौर पर अभिनेत्री से अश्लील फोटो खिंचवाने के लिए कहा, जिसे उसने साफ मना कर दिया।
जब उसने कमरे से भागने की कोशिश की, तो तीनों ने कथित तौर पर उस पर अपनी मांग मानने का दबाव बनाया। अभिनेत्री ने हिम्मत दिखाई और तीनों का सामना करते हुए वहां से सुरक्षित बाहर निकल आई। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर नंदी रामनाथन (उम्र 65 वर्ष), कार्तिका देवी (उम्र 45 वर्ष) और इंद्राणी (उम्र 40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से एक आई-फोन सहित तीन मोबाइल फोन जब्त कर लिए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद तीनों को कल शाम अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



