श्रीगंगानगर में बदमाशों ने सब्जी की रेहड़ी वाले से 25000 रुपए लूटे

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दो बदमाशों ने एक सब्जी की रेहड़ी वाले से 25 हजार रुपए लूट लिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नई अनाज मंडी के पीछे महाराजा जस्सासिंह मार्ग पर कृषि पंडित बलवंतसिंह चौराहे पर बजरंग शर्मा रोजाना की तरह तड़के सवा चार बजे अपनी रेहडी लेकर अनाज मंडी में ही फल सब्जी मंडी में माल खरीदने जा रहा था। उसी दौरान दो बदमाशों ने उसे घेर लिया और उससे 25 हजार रुपए लूट लिए और फरार हो गए।

इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी वारदात की जानकारी लेकर आसपास की गलियों में बदमाशों को ढूंढ़ा लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में पुलिस ने कई बदमाशों को पकड़ा भी है लेकिन वारदात में रुक नहीं रही। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इसी जुलाई में शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह फल सब्जी लेने जाने वाले लोगों के अलावा भी राहगीरों को लूटने की छोटी बड़ी 10 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस इन बदमाशों का पता लगाने की प्रयास कर रही है।