रायसेन। मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के गैरतगंज तहसील अंतर्गत परासिया नदी किनारे मिले व्यापारी के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गड़ा धन (दफीना) निकालने के लिए कथित तांत्रिक क्रिया के दौरान अपने ही साथी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
बेगमगंज की एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि मृतक की पहचान व्यापारी विजय जैन के रूप में हुई है। मामले में प्रह्लाद साहू, टीकम साहू और करीम खान को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार विजय जैन अपने साथियों के साथ कई दिनों से परासिया नदी किनारे दफीना निकालने का प्रयास कर रहा था। सात जुलाई को सभी नदी किनारे पूजा-पाठ और कथित तांत्रिक क्रिया कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से कहा कि धरती ‘बलि’ मांग रही है। इसके बाद उन्होंने विजय के हाथ-पैर पकड़कर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी और शव को मिट्टी में दफना दिया।
पुलिस ने बताया कि बाद में एक चरवाहे ने नदी किनारे मिट्टी के नीचे मानव अंग दिखाई देने पर ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को बाहर निकाला।
घटनास्थल से मिली चप्पल और मोबाइल के आधार पर शव की पहचान छह दिन से लापता विजय जैन के रूप में हुई। शव का पोस्टमार्टम गैरतगंज के सिविल अस्पताल में कराया गया। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।



