श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में करीब एक महीने पहले खेत में मिले जंग लगे बम को सेना के बम निरोधक दस्ते ने बुधवार सुबह निष्क्रिय कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दस्ते ने नियंत्रित विस्फोट करके बम को नष्ट कर दिया। इस दौरान विस्फोट से जमीन में बड़ा गड्ढा हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि करीब एक महीना पहले एक किसान को कृषि कार्य के दौरान खेत में जंग लगा हुआ बम मिला। सूचना मिलते ही बिरधवाल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करके बम के चारों ओर मिट्टी के बैग लगाकर सुरक्षा घेरा बनाया गया।
पुलिस ने सेना के उच्च अधिकारियों को सूचना दी। सेना की औपचारिकताएं पूरी होने तक पुलिस ने बम की लगातार निगरानी की। इसके बाद सेना का बम निरोधक दल सुबह मौके पर पहुंचा और बम को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर रेतीले धोरों में नियंत्रित विस्फोट से नष्ट कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि यह बम करीब 25 वर्ष पूर्व बिरधवाल स्थित आयुध डिपो में लगी भीषण आग और उसके बाद हुए सिलसिलेवार विस्फोटों का परिणाम था। उस हादसे में कई बम दूर-दूर तक बिखर गए थे, जिनमें से कई मिट्टी में दबकर रह गए। समय-समय पर किसानों को खेती के दौरान ऐसे बम मिलते रहते हैं।



