कोटा। राजस्थान में कोटा जिले के पोलाई खुर्द गांव में बुधवार को गोलगप्पे खाने से 40 लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। देर रात एक के बाद एक लोग बीमार होने लगे। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। सुबह चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का दल मौके पर पहुंचा। 40 से ज्यादा मरीज पीड़ित मिले।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र नागर ने बताया कि दल सुबह ही मौके पर पहुंच गया और तत्काल जांच की। इनमें से 12 लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीमलिया भेजा गया। इनमें पांच बच्चे शामिल हैं। बताया जाता है कि सभी ने मंगलवार को गोलगप्पे खाये थे।



