तृणमूल कांग्रेस की रुक्मिणी मल्लिक का राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा

0

नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस से नेताओं का मोह भंग होने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा और इनमें नया नाम बंगला फिल्मों की अभिनेत्री और सांसद रुक्मिणी मल्लिक का जुड़ गया है जिन्होंने गुरुवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

तृणमूल कांग्रेस ने मल्लिक को करीब तीन महीने पहले ही सांसद बनाया था। उन्होंने छह अप्रैल को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली थी। सभापति सीपी राधाकृष्णन को लिखे त्याग पत्र में उन्होंने कहा है कि वह उच्च सदन से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रही हैं।

तृणमूल कांग्रेस को छोड़ने वाली वह राज्य सभा की चौथी सांसद हैं। इससे पहले सुष्मिता देव के साथ सुखेन्दु शेखर राय और प्रकाश चिक पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। ये तीनों भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं और इन्हें 24 जुलाई को होने वाले चुनाव में भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद से तृणमूल कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है और यह सिलसिला लगातार जारी है।