धर्मेंद्र प्रधान को हटाकर सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री बनाया जाए : केजरीवाल

0

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को जंतर-मंतर पहुंचकर शिक्षाविद् सोनम वांगचुक के अनशन का समर्थन किया और केंद्र सरकार से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाकर वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाने की मांग की।

केजरीवाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे कथित पेपर लीक से युवाओं का भरोसा टूट रहा है। उन्होंने दावा किया कि नीट पेपर लीक के बाद कई छात्रों ने आत्महत्या की, लेकिन सरकार ने व्यवस्था में ठोस बदलाव नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार जांच, प्राथमिकी और गिरफ्तारियां होती हैं, लेकिन बाद में आरोपी जमानत पर छूट जाते हैं और अगले वर्ष फिर पेपर लीक की घटनाएं सामने आती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को धर्मेंद्र प्रधान की जगह सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री बनाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसा इसलिए नहीं करेगी क्योंकि उसे डर है कि वांगचुक शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए क्रांतिकारी नेतृत्व और व्यापक सुधार दोनों आवश्यक हैं।

इस मौके पर राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए लोगों से 20 जुलाई को बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने और प्रस्तावित संसद मार्च में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं और शिक्षा व्यवस्था के भविष्य का आंदोलन है। आम आदमी पार्टी इस आंदोलन को पूरा समर्थन देगी और अन्य राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों से भी समर्थन की अपील करेगी।