भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह पाटा सहित हत्या के 9 दोषियों को उम्रकैद

2

अलवर। राजस्थान में अलवर के जिला एवं सत्र न्यायालय ने चुनावी रंजिश को लेकर की गई हत्या के नौ आरोपियों को शनिवार को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत भंडारी ने अभियुक्त भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह पाटा सहित अनूप सिंह, कमलजीत सिंह, गुरवचन सिंह, जसपाल सिंह, कुलवंत सिंह, अमन सिंह, हरविंदर सिंह और विश्वेंद्र सिंह को अवतार सिंह की हत्या का दोषी मानते हुए प्रत्येक पर एक एक लाख रुपए का जुर्माना भी किया।

मामले के अनुसार अभियुक्तों ने 10 जून 2016 को नौगावां थाना क्षेत्र में पाटा गांव में सरपंच के चुनाव की रंजिश को लेकर अवतार सिंह पर प्राणघातक हमला किया जिससे उसकी मौत हो गयी।

ट्रेक्टर के नीचे दबने से नवयुवक की मौत

अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र में कारौली स्टैंड के समीप ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे आने से एक ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार खेकड़ा उलाहेड़ी गांव का 19 वर्षीय वाजिब खान अपना ट्रैक्टर चिकानी से गांव लेकर आ रहा था। इसी दौरान कारौली स्टैंड के पास तुड़ी से भरे एक अन्य ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में वाजिब का ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। संतुलन बिगड़ने से वह ट्रैक्टर से गिर पड़ा और ट्रॉली के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भिजवाया जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।