भिवाड़ी में एटीएम कार्ड बदलकर 73 हजार की ठगी करने वाला शातिर अरेस्ट

0

खैरथल तिजारा। राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपए उड़ाने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने शनिवार को बताया कि आरोपी करीब दो वर्ष से फरार था। पुलिस ने उसे हरियाणा के पलवल जिले से गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी मामले में उसके साथी अश्फाक को गिरफ्तार किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि उससे पूछताछ में पता चला कि अपने साथियों के साथ एटीएम बूथों पर पहले से मौजूद रहता था। जैसे ही कोई व्यक्ति पैसे निकालने पहुंचता, आरोपी उसे मशीन खराब होने या कार्ड डिलीट होने जैसी बातें कहकर बातचीत में उलझा लेता।

इसी दौरान उसका एटीएम पिन देख लेता और चालाकी से असली कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा देता। बाद में उसी कार्ड से खाते से नकदी निकाल ली जाती।

तीन अप्रैल 2024 में पीड़ित चंद्रेश्वर प्रसाद रामपुरा स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपए निकालने पहुंचे थे। वहां मौजूद अराफात और अश्फाक ने झांसा देकर एटीएम बदल लिया और 73 हजार रुपए निकाल लिए।