करौली में विषाक्त पदार्थ के सेवन से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

2

करौली। राजस्थान में करौली जिले के सपोटरा थाना क्षेत्र में बालोती गांव में सोमवार को एक परिवार के चार सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से पति-पत्नी और बड़े बेटे की मौत हो गई जबकि छोटे बेटा गंभीर रूप से बीमार हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रामदयाल बैरवा (45), उनकी पत्नी राजबाई (40) बड़े बेटे लक्ष्मीनारायण (25) और विजयराज बैरवा (23) ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उनकी तबीयत खराब हाेने पर पड़ोसियों ने उन्हें सपोटरा अस्पताल पहुंचाया। यहां से चारों को गंभीर हालत में सपोटर से पहले गंगापुर सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जयपुर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि गंगापुर सिटी से निकलते ही रास्ते में राजबाई और लक्ष्मीनारायण की मौत हो गई जबकि रामदयाल ने जयपुर पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। विजयराज का जयपुर के अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। बताया गया कि परिवार का छोटा बेटा विजयराज लंबे समय से बीमार था, जिसके कारण परिवार मानसिक तनाव में था।