जयपुर। राजस्थान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में बुधवार को जयपुर में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे, केन्द्र सरकार द्वारा आयोजित परीक्षाओं में अनियमितता, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर एवं आपराधिक मुकद्में वापस लेने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया गया।
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कार्यालय जयपुर से भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिये पैदल मार्च निकालकर कांग्रेस पार्टी द्वारा यह विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी सहित सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
चतुर्वेदी ने बताया कि डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता सायं पांच बजे कांग्रेस मुख्यालय से शांतिपूर्वक पैदल मार्च कर भाजपा मुख्यालय का घेराव करने के लिए निकले। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा रास्ते में बैरीकेट लगाकर रोक लिया गया तथा विरोध करने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार छोड़ी गई एवं बल प्रयोग किया गया जिसमें कई कांग्रेस कार्यकर्ता चोटिल हो गए।
इस अवसर पर डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि देश में नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं और अब तक 150 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं किन्तु भाजपा की केन्द्र सरकार की हठधर्मिता के कारण इसके लिए जिम्मेदार केन्द्रीय शिक्षा मंत्री एवं अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं कर उन्हें बचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्र एवं उनके अभिभावकों सहित लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े लगातार पेपर लीक मामले में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धमेन्द्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं और इस मुद्दे पर संसद में चर्चा करने की मांग की जा रही है लेकिन केन्द्र सरकार अलोकतांत्रिक रवैया अपनाते हुए छात्रों एवं कांग्रेस नेतृत्व के विरूद्ध दमनात्मक कार्यवाही कर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधान के इस्तीफे सहित अन्य मांगों के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ता आमजनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करते रहेंगे। चतुर्वेदी ने बताया कि प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर डोटासरा के निर्देशानुसार प्रदेश की सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने आज धरना-प्रदर्शन आयोजित किया।



