करौली में ट्रक की चपेट में आने से दो किशोरों, एक युवक की मौत

2

करौली। राजस्थान में करौली के कोतवाली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग -23 पर बुधवार को एक मोटर साइकिल के ट्रक से टकराने से दो किशोर और एक युवक की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि मृतकों की पहचान करौली के गुलाब बाग निवासी आशीष (16), हर्ष (16) और धौलपुर के पुरानी छावनी स्थित डंगरिया मोहल्ला निवासी पवन (21) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि दोनों किशोर और युवक घूमने गए थे और शाम को मासलपुर चुंगी स्थित स्विमिंग पूल में नहाकर मोटर साइकिल से घर लौट रहे थे। मैगजीन क्षेत्र में एक मवेशी को बचाने के प्रयास में मोटर साइकिल अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।

पुलिस ने बताया कि इससे आशीष और पवन की मौके पर ही मौत हो गई। हर्ष को गंभीर हालत में करौली के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़़ दिया। पुलिस ने ट्रक जब्त करके चालक को गिरफ्तार कर लिया।