जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति के अलावा देश को कुछ नहीं दिया।
शर्मा ने गुरुवार को यहां भारतीय जनता पार्टी की ओर से संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान की प्रदेश कार्यशाला को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को जोड़ने की राजनीति करती है जबकि कांग्रेस ने हमेशा समाज को विभाजित करने का प्रयास किया।
देश की जनता विकास, सुशासन और गरीब कल्याण की राजनीति को स्वीकार कर रही है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। श्री मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के कारण राजस्थान में विकास कार्यों को नयी गति मिली है। प्रदेश में सड़क, पानी, बिजली, रोजगार और सिंचाई के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किये जा रहे हैं।
उन्होंने भारत को अपनी महान संस्कृति, विरासत, संत परंपरा और ऋषि-मुनियों के आदर्शों का अनुसरण करने वाला राष्ट्र बताते हुए कहा है भारत माता के प्रति समर्पण भाव से संतों, मुनियों और महंतों ने समाज को नयी दिशा प्रदान की है। उन्होंने संत गुरु रविदास महाराज के विचार सदियों तक समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
संत रविदास ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से यह संदेश दिया कि व्यक्ति की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म से होती है। निस्वार्थ भाव से किया गया कर्म ही व्यक्ति को सम्मान दिलाता है और समाज में उसकी वास्तविक पहचान स्थापित करता है।
शर्मा ने कहा कि संत गुरु रविदास ने सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देकर समाज को एक नयी दिशा दी। उनका मानना था कि जन्म से कोई व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि उसके कर्म ही उसे महान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी सामाजिक समरसता स्थापित करने के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के आदर्शों का प्रतीक रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी गुरु रविदास महाराज के संदेशों को निरंतर स्मरण करते हुए एक भारत-श्रेष्ठ भारत तथा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं।
गौतम ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश में महापुरुषों के सम्मान और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अभूतपूर्व कार्य हुआ है। अहिल्याबाई होल्कर, भगवान बिरसा मुंडा और डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अनेक महापुरुषों की जयंती और स्मृति को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।
काशी में संत गुरु रविदास महाराज से जुड़े पवित्र स्थलों का विकास किया गया तथा उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को संरक्षित करने का कार्य किया गया है। मध्यप्रदेश में उनके जीवन से संबंधित शोध केंद्र की स्थापना भी की गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रयास है कि संत-महात्माओं के विचार और जीवन दर्शन समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में करोड़ों गरीब परिवारों को आवास, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, शौचालय और हर घर जल जैसी योजनाओं से लाभान्वित करने, समाज के पिछड़े, दलित एवं वंचित वर्गों को सम्मान और सशक्तिकरण देने का जो कार्य हुआ है, वह अभूतपूर्व है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संत गुरु रविदास महाराज के जीवन और विचारों को गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। आज समाज को भ्रमित करने वाली ताकतें सक्रिय हैं, ऐसे समय में कार्यकर्ताओं को छात्रावासों, शिक्षण संस्थानों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर गुरु रविदास महाराज के जीवन, विचार और समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करना होगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने समरसता संकल्प अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह अभियान 29 जुलाई से अगले वर्ष 20 फरवरी तक प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी तक पहुंचाना है।
अभियान के प्रथम चरण 29 जुलाई से शुरू होगा। गुरु पूर्णिमा की संध्या पर दीप महोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई से 10 सितंबर तक कलश वंदन अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत गुरु रविदास महाराज की जन्म स्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कुमार ने बताया कि यहां से पवित्र कलश प्रदेश की टोलियों को दिया जाएगा। प्रदेश टोली अपने प्रदेश में विभिन्न स्थलों पर होते हुए राजधानी में इसे लेकर जाएगी। इस दौरान प्रदेश के जिलों में विभिन्न धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान के माध्यम से संत-महात्माओं एवं समाज के पूजनीय व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा।
पांच अक्टूबर से पांच नवंबर तक गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी तथा 26 नवंबर से आगामी 15 जनवरी तक छात्रावास संपर्क अभियान संचालित होगा, जिसमें छात्रावासों में जाकर युवाओं को गुरु रविदास महाराज के जीवन एवं सामाजिक समरसता के संदेश से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज को जातिवाद, गोत्रवाद और क्षेत्रवाद जैसी संकीर्ण सोच से ऊपर उठाकर सामाजिक समरसता को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जयंती वर्ष समारोह के सफल संचालन के लिए प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति में भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी के नेतृत्व में निहालचंद मेघवाल, अनिता भदेल, चंद्रकांता मेघवाल एवं जगसीराम कोली को सदस्य बनाया गया है।




