सीकर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सीकर जिले के नीमकाथाना में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) संख्या-एक न्यायालय के सहायक निदेशक अभियोजन कौशल सिंह राठौड़ को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि राठौड़ को शुक्रवार रात रेलवे स्टेशन जयपुर के पास परिवादी से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेने पर गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि एसीबी को परिवादी ने शिकायत की कि राठौड़ न्यायालय में विचाराधीन नीमकाथाना जेल में बंद उसके पुत्र के प्रकरण में धारा 111 (4) एवं 308 बीएनएस 2023 हटाने, अभियोजन पक्ष को कमजोर करने तथा मुलजिम के अधिवक्ता के विरुद्ध प्रभावी पैरवी न करने की एवज में सवा तीन लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
इसके बाद रिश्वत मांग सत्यापन के दौरान परिवादी से तीन लाख रुपए बतौर रिश्वत की मांग करना तथा मांग के अनुसरण में 50 हजार रुपए की रिश्वत जयपुर के रेलवे स्टेशन के पास प्राप्त करने पर राठौड को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।



