नरसिंहपुर : 5 युवकों की मौत दुर्घटना से नहीं हुई, डम्पर से कुचल कर की हत्या

0

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के सुआतला पुलिस थाना के हाथीनाला वॉटरफॉल में पिकनिक मना कर वापस आते समय 19 जुलाई को पांच युवकों की मौत डम्पर के टकराने पर हो गई थी और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऋषिकेश मीना ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में खुलासा किया कि इन युवकों की दुर्घटना से मौत नहीं हुई थी बल्कि सुनियोजित तरीके से जानबूझ कर डम्पर से कुचल कर मारा गया है। इस मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है वही चार वाहन जब्त किए गए हैं।

गौरतलब हो कि जबलपुर जिले के निवासी राजेश पटैल (23), वीरेंन्द्र लोधी (20), राजपाल लोधी (21), जयपाल लोधी (30), और नीरज लोधी (25) की मौत डम्पर से कुचल कर हुई थी। वहीं आकाश लोधी (24) गंभीर रूप से घायल हुआ था जिसका उपचार चल रहा है। इस घटना के पीछे हत्या का कारण पुरानी रंजिश उजागर हुई है इनसे बदला लेने के लिए डम्पर का इस्तेमाल किया गया।