बाराबंकी में रेप पीड़िता 15 वर्षीय किशोरी ने बच्ची को दिया जन्म

0

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दुष्कर्म पीड़िता 15 वर्षीय किशोरी ने रविवार को सरकारी अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। मामले का आरोपी पहले से ही जेल में बंद है। किशोरी के साथ हुई घटना के बाद अब नवजात बच्ची के भविष्य को लेकर भी परिजनों के सामने संकट खड़ा हो गया है। पुलिस मामले पर नजर रखे हुए है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार टिकैतनगर थाना अंतर्गत एक गांव में जून 2026 में किशोरी पेट दर्द से परेशान थी। परिजनों ने इसे सामान्य बीमारी समझकर उपचार कराया, लेकिन आराम न मिलने पर उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया। जांच के दौरान डॉक्टर ने बताया कि किशोरी लगभग छह माह की गर्भवती है।

यह जानकारी मिलते ही परिजन के पैर से नीचे धरती खिसक गई। परिजन एसपी के पास पहुंचे। गर्भ काफी विकसित हो जाने के कारण चिकित्सकों ने गर्भपात कराने से इनकार कर दिया था। 12 जून को पुलिस ने आरोपी सुरेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। 16 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने किशोरी को परिजनों की सुपुर्दगी में देते हुए विवेचना शुरू की थी। शनिवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। मामले में आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है। मुकदमे की सुनवाई चल रही है। न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार पूछताछ करने पर किशोरी ने बताया कि गांव का एक दुकानदार सुरेश उसे बहला-फुसलाकर अपनी दुकान पर बुलाता था और वहां उसका शारीरिक शोषण करता था। आरोपी लगातार धमकी देता था कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह उसकी हत्या कर देगा। डर और सामाजिक बदनामी की आशंका के चलते वह अब तक चुप रही।