अजमेर। कृषि वर्ष 2026-27 के तहत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएम एफबीवाई) एवं सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण (जीसीईएस) संबंधी राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सोमवार से राजस्व मंडल में शुरू हुआ।
इस चार दिवसीय प्रशिक्षण में राज्य के सभी 41 जिलों के सांख्यिकी विभाग एवं भू अभिलेख शाखाओं के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इस राज्य स्तरीय प्रशिक्षण में सोमवार को 10 जिलों गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, जैसलमेर, फलौदी, जोधपुर, बाड़मेर, बालोतरा, जालौर व सिरोही जिलों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। शेष अन्य जिलों के प्रतिनिधि आगामी 30 जुलाई तक प्रतिदिन 10-10 जिलों के बैच के रूप में पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
राजस्व मंडल निदेशक (सांख्यिकी) बीना वर्मा ने बताया कि जीसीईएस पोर्टल पर फसल कटाई प्रयोग को सही रूप में दर्ज करने को लेकर आयोजित इस प्रशिक्षण में राजस्व मंडल के स्तर से राज्य भर के सांख्यिकी सहायक निदेशक, सांख्यिकी अधिकारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारियों एवं भू अभिलेख शाखा प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
वर्मा ने सोमवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और जिलों से आए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रशिक्षण के मास्टर ट्रेनर सहायक सांख्यिकी अधिकारी (राजस्व मंडल) शिवकुमार भाकर ने पीपीटी आधारित प्रशिक्षण में विस्तृत जानकारी प्रदान की । राज्य स्तर से प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारी जिला स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण में प्राथमिक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर मंडल से सहायक निदेशक रेशमा आरा, सांख्यिकी अधिकारी रमेश कुमार दायमा, रामेश्वर कड़वा सहित जिलों से आए प्रशिक्षु अधिकारी मौजूद थे।



