हरिद्वार में प्रेम प्रसंग, ब्लैकमेल एवं विवाद में युवती हत्या

0

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और गहन पूछताछ के आधार पर ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाई। पुलिस जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, ब्लैकमेल और आपसी विवाद की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को ग्राम अलीपुर निवासी मोमिन ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री शहनुमा की हत्या गांव के ही नावेद पुत्र रियासत और उसके परिजनों ने कर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गया था तथा मृतका का शव भी बरामद नहीं हुआ था, जिससे मामला पूरी तरह ब्लाइंड बन गया।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा।

इसी दौरान 27 जुलाई को सूचना मिली कि आरोपी मंगलौर क्षेत्र के भगवानपुर चंदनपुर गांव में रिश्तेदारों के यहां छिपा हुआ है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तालाब के समीप से आरोपी नावेद को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका शहनुमा के साथ प्रेम संबंध था लेकिन समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। आरोपी के अनुसार एक पारिवारिक शादी में युवती के डीजे पर डांस करने को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद मृतका द्वारा उसे विभिन्न मामलों में फंसाने और बदनाम करने की धमकी दिए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार आरोपी युवती को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। अगले दिन तड़के वह उसे सुनसान स्थान पर ले गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया और गांव लौटकर सामान्य दिनचर्या में लग गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।