महाराष्ट्र में महिला क्रिकेटर ने की आत्महत्या, वीसीए की चयन प्रक्रिया विवाद में घिरा

2

नागपुर। महाराष्ट्र में नागपुर की 17 वर्षीय एक उभरती महिला क्रिकेटर ने कथित तौर पर विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (वीसीए) की अंडर-19 टीम में चयन नहीं होने से आहत होकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, युवती लंबे समय से क्रिकेट में करियर बनाने की तैयारी कर रही थी। अंडर-19 टीम में जगह नहीं मिलने के बाद वह कथित रूप से मानसिक रूप से परेशान थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अदिति मोरेश्वर चौखंडे के तौर पर हुई है। वह मूल रूप से अकोला की रहने वाली थी और पिछले दो सालों से अपने क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने के लिए नागपुर में अपनी मां के साथ रह रही थी।

यह घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बजाज नगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मी नगर में जैन मंदिर के पास सामने घटित हुई। राज्य-स्तरीय अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद अंडर-19 टीम में जगह न बना पाने के कारण अदिति तनाव में आ गई थी।

पुलिस के अनुसार अदिति कल सुबह लक्ष्मी नगर स्थित अपने घर में फंदे से लटकी हुई मिली। वह एक स्थानीय क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रही थी।घटनास्थल से मिले एक सुसाइड नोट में कथित तौर पर वीसीए की चयन प्रक्रिया में न चुने जाने पर उसकी निराशा का ज़िक्र था।

शुरुआती जांच से पता चलता है कि चयन न होने की निराशा के कारण वह तनाव में थी। सूचना मिलने पर बजाज नगर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने इस सिलसिले में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि घटना के सही कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।