चंडीगढ़। हरियाणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गत दो अगस्त को शुरू किए गए नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। शैक्षणिक संस्थानों की श्रेणी में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का राज्य स्तरीय आयोजन देश का सबसे अधिक सहभागिता वाला कार्यक्रम रहा।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 3,200 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं ने एक साथ नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के साथ युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई और कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा ने इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया। प्रदेश सरकार ने अगले 100 सप्ताह तक लगातार जनजागरूकता अभियान चलाकर नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना विकसित करने का लक्ष्य तय किया है।
अभियान के तहत देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें एक करोड़ से अधिक युवाओं और विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया। हरियाणा की सर्वाधिक शैक्षणिक भागीदारी और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सबसे अधिक उपस्थिति ने प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाई।
इस अभियान की सफलता में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा खेल मंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व के साथ शिक्षा विभाग, युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग, माई भारत, एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र संगठन तथा अन्य विभागों और संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



