सिरोही में कथित हिंदू श्मशान की भूमि पर सेवाभारती के भवन निर्माण पर दर्ज करवाई आपत्ति 

0
सिरोही में रामझरोखा मंदिर के सामने सेवा भारती को आवंटित की जमीन जिस पर निर्माण की इजाजत पर आपत्ति दर्ज करवाई गई।

सबगुरु न्यूज- सिरोही। रामझरोखा मंदिर के सामने नेहरू उद्यान और हिंदू श्मशान की लालवेरा की जमीन के बीच स्थित भूखण्ड पर आरएसएस के प्रकल्प सेवा भारती के भवन निर्माण के लिए नगर पालिका द्वारा विज्ञप्ति जारी होने के बाद प्रशासक और आयुक्त के समक्ष आपत्ति लगाई गई है।

 

अधिवक्ता प्रकाश धवल के द्वारा लगाई गई आपत्ति में बताया गया कि शहर सिरोही, पटवार हल्का सिरोही 2, तहसील व जिला सिरोही में राजस्व खसरा संख्या 2691, 2692, 2693 व 2694 राजस्व रिकॉर्ड में वैष्णव श्मसान कमेटी (लालवेरा) के नाम से दर्ज है। उक्त सार्वजनिक सम्पति का उपयोग सनातन हिन्दू समाज के व्यक्तियों द्वारा सामाजिक संस्कार / अंतिम संस्कार के बाद नहाने के लिये उपयोग-उपभोग में ली जा रही है। वर्तमान में इस सम्पति की समुचित देखरेख हिन्दू श्मसान सभा सिरोही द्वारा की जा रही है।

इसमें लिखा गया कि नगर परिषद् सिरोही द्वारा राजस्व रेकर्ड में दर्ज खसरा संख्या 2694 का दक्षिणी हिस्से का 3750 वर्गफीट भूखंड का अवैध बैचान किया गया। इसका सेवा भारती के नाम से विधि विरुद्ध जारी किया गया। परिषद् सिरोही द्वारा 30 दिसंबर 2025 को जारी ये पट्टा निजी वैष्णव श्मसान कमेटी (लालवेरा) की सार्वजनिक सम्पति का होने से शुरू से ही शून्य है।

इस आपत्ति में लिखा कि स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशों की भी अवहेलना करते हुये नगर परिषद् सिरोही के प्राधिकृत अधिकारी (आयुक्त) ने विधि विरूद्ध तरीके से निजी सार्वजनिक उपयोग की राजस्व रेकर्ड में दर्ज खसरा संख्या 2694 के दक्षिणी हिस्से का अवैध हस्तातंरण कर बिना राजस्व रिपोर्ट प्राप्त किये पट्टा विलेख संख्या 06 जारी किया गया है जो अवैध दस्तावेज है।

खातेदार वैष्णव श्मसान कमेटी की निजी भूमि जो सनातन हिन्दू समाज के सार्वजनिक संस्कारों में उपयोग उपभोग में आ रही है। ऐसी बेशकिमती करोडो की भूमि का अवैध बैचान/हस्तातंरण होने से हिन्दू समाज में रोष व्याप्त है। इसमें बताया गया कि हिंदू श्मशान की भूमि के आवंटन से आमरण अनशन हुआ। प्रशासन के निर्देशानुसार तहसीलदार सिरोही द्वारा 16 फरवरी 2026 को बैचानशुदा भूमि के पैमाईश के लिए कमेटी का गठन किया गया था। जिसमें सिरोही के आरआई बदाराम कुम्हार, व भंवरलाल माली, सिरोही के पटवारी भरतलाल पटवारी व उदयवीर व रामपुरा के पटवारी अशोक मेघवाल को नियुक्त किया था। कमेटी के द्वारा 21 फरवरी 2026 को की गई पैमाइश में सेवा भारती को आवंटित भूमि हिंदू श्मशान के लालवैरा के चार खसरों में से एक खसरा संख्या 2694 का हिस्सा निकली। इसका मौका नक्शा बनाकर रिपोर्ट पेश कर दी गई थी।

इस आपत्ति में बताया गया कि मौके पर खरीददार द्वारा रात के अंधेरे में 10 बॉय 10 की कोठरी और आगे 30 फीट में बाउण्डी वॉल बनाकर वैष्णव श्मसान कमेटी (लालवेरा) खसरा संख्या 2694 के दक्षिणी हिस्से पर अवैध रूप से अतिचार किया गया है। जिसे क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है एवम् तनाव की स्थिति बनी हुई है।

इसमें बताया गया कि नगर परिषद् सिरोही के आयुक्त ने बिना राजस्व रिपोर्ट प्राप्त किये खरीददार को अवैध फायदा पहुँचाने की नियत सेवाभारती की आवंटित इस भूमि का खसरा संख्या 2695 दर्ज किया है। इसमें बताया गया कि खसरा संख्या 2695 मास्टर प्लॉन में पार्क दर्ज है एवम् मौके पर भी इस खसरा नम्बर की भूमि पर शहर का एक पार्क है। जो नेहरू पार्क के नाम से जाना पहचाना जाता है जिसे चारों ओर चारदिवारी से सुरक्षित किया हुआ है। इस तरह सम्पुर्ण कार्य व कार्यवाही अवैध रूप से की जाकर करोडो की बेशकिमती निजी सार्वजनिक उपयोग की सनातन हिन्दू समाज की भूमि का हस्तांतरण किया गया है।

आपत्ति में बताया गया है कि उक्त प्रकरण में राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा 30 मार्च को जिला कलेक्टर की जांच के निर्देश आए थे। जो कि अब भी विचाराधीन है। आपत्ति में बताया कि यदि उक्त कार्यवाही के विचाराधीन रहते कोई इस भूखंड पर निर्माण स्वीकृति जारी कर हिन्दू श्मसान सम्पति पर कोई अवैध निर्माण किया जाता है तो समाज में भारी तनाव व रोष उत्पन्न होगा।

इसमें आरोप लगाया गया कि पट्टाधारक द्वारा उक्त भूमि पर बदनियति से निर्माण कार्य करने के लिये निर्माण ईजाजत आवेदन दिया गया है। अधिवक्ता प्रकाश धवल ने निर्माण के आवेदन को खारिज करने के साथ बोर्ड की बैठक में हिंदू श्मशान की भूमि पर सेवा भारती को जारी किया पट्टा निरस्त करने की मांग की गई।