अलवर जिले में दो लोगों से चार लाख रुपए की साइबर ठगी

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले में सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक और इटाराना कैंट में तैनात फौजी से कुल चार लाख 39 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है।

साइबर थाना पुलिस के अनुसार काला कुआं निवासी सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक रामअवतार अग्रवाल के सोशल मीडिया अकाउंट पर सेंट्रल बैंक के लोगो वाला फर्जी विज्ञापन आया, जिसमें सेवानिवृत्त बैंक अधिकारियों के लिए रिटायरमेंट बेनिफिट कार्ड बनवाने का झांसा दिया गया।

विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद ठग ने वॉट्सऐप पर लिंक भेजा। लिंक में जानकारी भरते ही मोबाइल हैक कर लिया गया और चार बार में कुल दो लाख 83 हजार रुपए खाते से निकाल लिए गए।

दूसरा मामला इटाराना कैंट में तैनात फौजी आशीष कुमार राय से जुड़ा है। उन्होंने एक ऑनलाइन एप से ऋण लिया था और एक किश्त गलती से दो बार जमा हो गई थी। अतिरिक्त किश्त वापस लेने के लिए उन्होंने यूट्यूब पर कस्टमर केयर नंबर खोजा।

नंबर पर संपर्क करने वाले ठग ने खुद को कस्टमर केयर कर्मचारी बताया और रिफंड के नाम पर ओटीपी ले लिया। इसके बाद ठगों ने फाइनेंस लोन ऐप के जरिए आशीष के नाम पर एक लाख 56 हजार 861 रुपए का नया ऋण उठा लिया।