EO के चैंबर में रखा टेंडर बॉक्स, कॉपी जमा नहीं करने को लेकर हुआ विवाद

0
आबूरोड में अधिशासी अधिकारी के चैंबर में रखे निविदा बॉक्स में निविदा डालता निविदादाता।

आबूरोड। नगर पालिकाओं में टेंडर पूलिंग और सेटिंग के आरोप लगते रहे हैं। टेंडर की काॅपियां नहीं देने और काॅपी देने के बाद अंतिम तिथि पर टेंडर जमा ही नहीं करने के मामले आबूरोड समेत कई नगर पालिकाओं में पहले भी हुए हैं। इसी तरह का मामला आबूरोड में फिर से दोहराने का आरोप एक ठेकेदार मंगलवार लगाते दिखा। यहां सफाई ठेके के लिए की ऑफ लाइन निविदा जमा करवाने की अंतिम तिथि थी। लेकिन, वहां पर एक ठेकेदार इस बात को लेकर आपत्ति दर्ज करवाता दिखा कि अधिशासी अधिकारी टेंडर की काॅपी जमा नहीं कर रही हैं।

– कमरे में रखा बाॅक्स

आम तौर पर निविदा की ऑफलाइन काॅपी जिस बाॅक्स में डाली जाती है वो सीलबंद बाॅक्स खुले में सुरक्षित स्थान पर रखा जाता है। लेकिन, आबूरोड नगर पालिका में ये बाॅक्स अधिशासी अधिकारी ने अपने कमरे में ही रखा हुआ था। निविदादाता ने आरोप लगाया कि ऑफलाइन काॅपी निविदा वाले बाॅक्स में डालने नहीं दी जा रही है। अधिशासी अधिकारी से जब इस संबंध में पूछा तो वो इन आरोपों को नकारते हुए इस संबंध में बाद में अपना जवाब देने की दलील देने लगीं। लेकिन, मीडियाकर्मियों के वहां पहुंचने पर उनके कमरे में रखी पेटी में टेंडर डालने दिया गया।

– सीलबंद फिर खुला खुला था बाॅक्स

गोपनीयता और पारदर्शिता के लिए निविदाओं की प्रतिलिपियों को सुरक्षित बाॅक्स में रखा जाता है। ये बाॅक्स सीलबंद होता है। ताकि निविदा बाॅक्स से कोई निविदा बाहर निकालकर नहीं फेंक दे। लेकिन, आबूरोड नगर पालिका में रखा बाॅक्स अद्भुत करामाती था। इस बाॅक्स पर ढक्कन लगाकर ताला लगाया हुआ था। इस ताले पर सील थी। लेकिन, जिस स्लिट से निविदा का निफाफा बक्से में डाला जा रहा था वो इतना बडा था कि किसी भी व्यक्ति का पूरा हाथ उसमें चला जाए और वो किसी दूसरे की निविदा को बाहर निकालकर फेंक दे।