चेन्नई एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग ने 1.38 करोड़ रुपए कीमत का सोना जब्त किया

0

चेन्नई। सीमा शुल्क विमान खुफिया इकाई ने सोमवार को अन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर दुबई से आई एक महिला यात्री को गिरफ्तार कर उससे 1.38 करोड़ रुपए कीमत का 1.08 किलोग्राम सोना जब्त किया है।

सीमा शुल्क विमान खुफिया इकाई के अधिकारियों ने बताया कि दुबई से आई एक भारतीय महिला यात्री को यात्री की पहचान और जांच की विशेष प्रक्रिया के आधार पर पकड़ा गया। यात्री की तलाशी लेने पर पारदर्शी प्लास्टिक में लिपटे अंडाकार आकार के तीन कैप्सूल मिले, जिन्हें उसने अपने शरीर के अंदर छिपा रखा था।

इन कैप्सूल में पेस्ट के रूप में कोई पदार्थ था, जिसके सोना होने का संदेह था। अधिकारियों को उसमें धातु का एक टुकड़ा मिला। एक जांचकर्ता ने बाद में पुष्टि की कि यह 1,088 ग्राम 24-कैरेट सोना है, जिसकी कीमत 1,38,25,667.52 रुपए है।

इस अवैध सामान को जब्त कर लिया गया और महिला यात्री को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

चेन्नई सीमा शुल्क विभाग जनता को सलाह दी है कि वे कानून का उल्लंघन करते हुए अपने शरीर या सामान में सोना या अन्य प्रतिबंधित सामान छिपाकर न ले जाएं। इस तरह से सामान की तस्करी करने की कोशिश सीमा शुल्क अधिनियम के तहत एक गंभीर अपराध है, जिसके लिए कड़ी सजा और लंबे समय तक कानूनी परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।