अगरतला। त्रिपुरा की राजधानी अगरतला स्थित महाराजा बीर बिक्रम कॉलेज की एक विवाहित छात्रा के कथित तौर पर अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की घटना प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 10 अगस्त काे जैसे ही छात्रा कॉलेज से बाहर निकली थी। आरोप है कि कॉलेज के बाहर खड़े लोगों ने जबरन उसे एक वाहन में बिठाकर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में उसे सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए।
पीड़िता और उसके परिवार के पुलिस से संपर्क करने के बाद यह घटना सामने आई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन, घटनास्थल और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और मोबाइल फोन रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।



