कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार को कार चलाने का अभ्यास कर रही एक महिला कार समेत तालाब में गिर गई जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सुमित्रा दास नाम की महिला नई कार चलाने की कोशिश कर रही थीं। यहा कार उनके पति कृष्णेंदु दास ने हाल में खरीदी थी। दास का आगामी 22 अगस्त को ड्राइविंग का टेस्ट होने वाला था।
विधाननगर कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दब जाने के कारण महिला ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ होगा।
एक अन्य पुलिस अधिकारी के अनुसार सुमित्रा ने बुधवार सुबह सबसे पहले अपनी 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी को स्कूटर से स्कूल छोड़ा। बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद वह उस गैराज में गईं जहां उनकी पारिवारिक कार रात भर खड़ी रहती थी।
वहां से उन्होंने कार निकाली और ड्राइविंग का अभ्यास करने के लिए निकल पड़ीं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि उनके पास अभी वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और वह 22 अगस्त को प्रस्तावित परीक्षा की तैयारी कर रही थीं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मियों और बागुईआती थाने के कर्मचारियों को तालाब के बीच में से कार को बाहर निकालने में लगभग 90 मिनट का समय लगा। पुलिस ने बताया कि वाहन के अंदर महिला की स्थिति से संकेत मिलता है कि उन्होंने बाहर निकलने की पूरी पूरी कोशिश की थी।
अधिकारी ने कहा कि उन्हें तुरंत स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



