पुष्कर। शादी समारोह की खुशियों में शामिल होकर घर लौट रहे चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। अजमेर-पुष्कर बायपास पर कायड़ तालाब की पुलिया के पास तेज रफ्तार कार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित फरार हो गया।
मृतकों की पहचान पुष्कर के माली मोहल्ला निवासी हुकमचंद दगदी (40) पुत्र पूनमचंद और यश दगदी (23) पुत्र त्रिलोकचंद के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजा थे। जानकारी के अनुसार वे किशनगढ़ में एक परिचित के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद दोनों टीवीएस जुपिटर स्कूटर से पुष्कर लौट रहे थे। इसी दौरान अजमेर-पुष्कर बायपास पर कायड़ तालाब की पुलिया के निकट यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर चोटें लगने से दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया।
गेगल थाना पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने पर गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया और दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी। इसके लिए घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात सामने आई है।
माली मोहल्ले में पसरा मातम
हादसे में यश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह अविवाहित था, जबकि हुकमचंद शादीशुदा था। उसके परिवार में 16 वर्षीय बेटा और एक छोटी बेटी है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत की खबर से परिजन और परिचित स्तब्ध रह गए। पुष्कर के माली मोहल्ले में शोक का माहौल है। बारात की खुशियों में शामिल होकर निकले दोनों चाचा-भतीजे के घर लौटने का इंतजार कर रहे परिजनों को जब हादसे की सूचना मिली तो खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।



