राष्ट्रध्वज का अनादर रोकने के लिए हिन्दू जनजागृति समिति ने प्रशासन व स्कूलों को सौंपे ज्ञापन

0

अजमेर। स्वतंत्रता दिवस के दौरान राष्ट्रध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से हिन्दू जनजागृति समिति की ओर से ‘राष्ट्रध्वज का सम्मान करें’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अजमेर में पिछले 15 दिनों से समिति के कार्यकर्ताओं और धर्मप्रेमियों ने जनजागृति अभियान चलाकर लोगों को राष्ट्रध्वज के उचित उपयोग और सम्मान के प्रति जागरूक किया।

समिति ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर कई नागरिक राष्ट्रप्रेम की भावना से तिरंगा वाहनों पर लगाते हैं, जेब में रखते हैं या बच्चों को खेलने के लिए दे देते हैं। समारोह के बाद यही राष्ट्रध्वज सड़कों, कूड़े-कचरे और गंदगी में पड़े दिखाई देते हैं। समिति के अनुसार राष्ट्र की आन-बान-शान तिरंगे का इस तरह अनादर राष्ट्रप्रेमियों की भावनाओं को आहत करता है।

अभियान के तहत समिति की ओर से अजमेर कलेक्टर लोकबंधु को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रध्वज के अनादर को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया। कलेक्टर ने समिति की पहल की सराहना करते हुए अभियान को प्रशासनिक स्तर पर सहयोग देने का आश्वासन दिया।

विद्यार्थियों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के लिए विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी ज्ञापन सौंपे गए। इनमें राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्या कविता अजवानी, राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के प्रधानाचार्य शशिकांत शर्मा, रेयान इंटरनेशनल स्कूल तथा आर्यभट्ट वर्ल्ड स्कूल के प्रमुख शामिल रहे। वहीं पेंशनर समाज से जुड़े परिवारों में भी जागरूकता फैलाने के लिए राजस्थान पेंशनर समाज अजमेर के अध्यक्ष कश्मीर सिंह को ज्ञापन दिया गया।

समिति ने कहा कि राष्ट्रध्वज के सम्मान का यह अभियान केवल अजमेर तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में चलाया जा रहा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के सुगंध मिश्रा, चंद्रा लालवानी, सीए लव तामरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।