जयपुर। पुलिस मुख्यालय जयपुर में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और समारोहपूर्वक मनाया गया। पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) संजय अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजस्थान पुलिस के 15 मंत्रालयिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संजय अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही देश आज स्वतंत्र है। इसलिए सभी का दायित्व है कि उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करें।
सम्मानित अधिकारियों में पुलिस अधीक्षक कार्यालय जैसलमेर के प्रशासनिक अधिकारी महावीर सिंह भाटी, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) जयपुर की स्थापना शाखा के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी रमेश कुमार लामोरिया तथा सीआईडी (सीबी) जयपुर के सहायक प्रशासनिक अधिकारी बाबूलाल मीणा शामिल रहे।
वरिष्ठ सहायक श्रेणी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय नागौर के दिलीप सिंह, पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोटा शहर के दिगम्बर सिंह एवं किशन लाल मीणा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय बाड़मेर के जयदेव बोस, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) जयपुर के जितेन्द्र शर्मा तथा पुलिस ट्रेनिंग स्कूल बीकानेर के किशोर कुमार को प्रशंसा-पत्र प्रदान किए गए।
इसी क्रम में रेंज कार्यालय उदयपुर के भानुप्रताप सिंह रावत, एसबीपी-पीसीटीएस जोधपुर के ओमप्रकाश, सातवीं बटालियन आरएसी भरतपुर के हरवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक कार्यालय धौलपुर के राहुल कसाना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय टोंक के महेन्द्र सिंह तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय जयपुर ग्रामीण के श्याम सिंह शेखावत को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में महानिदेशक पुलिस मालिनी अग्रवाल, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस रुपिंदर सिंघ, बिपिन पाण्डेय, बीएल मीना, प्रशाखा माथुर और हवा सिंह घुमरिया सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं मंत्रालयिक कार्मिक उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



