हांसी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हांसी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस एवं तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी और सीमाओं की रक्षा में बलिदान देने वाले शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हरियाणा स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश की सुरक्षा तक हमेशा अग्रणी भूमिका में रहा है। प्रदेश ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली और प्रदेश के विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता हांसी के मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल को सम्मानित किया तथा हरियाणा संविदा कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के तहत नौ स्थानीय युवाओं को रोजगार गारंटी प्रमाण पत्र सौंपे। स्कूली बच्चों और पुलिसकर्मियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हांसी हरियाणा का 23वां जिला बन चुका है। प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने के लिए 471 पद स्वीकृत किए गए हैं। 50 बिस्तरों वाले अस्पताल को 100 बिस्तरों का किया गया है तथा लोक निर्माण विभाग के नए प्रभाग और उप-प्रभाग स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से पिछले करीब 12 वर्षों में दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। पिछले डेढ़ वर्ष में करीब 43 हजार युवाओं को रोजगार मिला है और 15 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। ई-गवर्नेंस से भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका कम हुई है।
किसानों के लिए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद की जा रही है और अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1.86 लाख करोड़ रुपए सीधे भेजे जा चुके हैं। किसानों को फसल क्षति के मुआवजे के रूप में करीब 16 हजार करोड़ रुपए दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 3,200 रुपए मासिक की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.56 लाख मकान उपलब्ध कराए गए हैं। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत करीब 10 लाख महिलाओं को 2,042 करोड़ रुपए की सहायता दी जा चुकी है। हर घर हर गृहिणी योजना के तहत करीब 15 लाख परिवारों को 500 रुपए प्रति सिलेंडर की दर से एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में 18 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें 12 पिछले करीब 12 वर्षों में स्थापित हुए हैं। आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत करीब 30 लाख लोगों को 4,226 करोड़ रुपए की लागत से मुफ्त उपचार मिला है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा उद्योग और निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य बन रहा है। नई औद्योगिक नीतियों के माध्यम से अगले पांच वर्षों में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश और 10 लाख रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल, हवाई संपर्क और ग्रामीण सुविधाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। हिसार से अयोध्या, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और जयपुर के लिए सीधी उड़ानें शुरू होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से विकसित और आत्मनिर्भर हरियाणा के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।



