ब्रुसेल्स। बेल्जियम के सिंट-गिलिस-डेंडरमोंडे शहर में एक सामान्य नाले की मरम्मत का काम के दौरान मजदूरों को जमीन के भीतर छिपा हुआ एक अमूल्य खजाना मिला। सीवर की पाइपलाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान मिले इस खजाने में भारी मात्रा में सोने के सिक्के, सोने के बिस्किट और कीमती सिल्लियां शामिल हैं। शुरुआती अनुमानों के अनुसार इस खजाने की कुल कीमत लगभग नौ मिलियन यूरो यानी भारतीय मुद्रा में करीब अस्सी से पचासी करोड़ रुपए आंकी गई है।
इस चौंका देने वाली बात का पता तब चला जब एक 18 वर्ष का एक छात्र, गर्मियों की छुट्टियों में वहां मजदूरी का काम कर रहा था। उसे पुरानी बीयर फैक्ट्री के पास नाली खोदने का काम मिला था। कुदाल चलाते समय उसे मिट्टी और तहखाने की पुरानी दीवार के पीछे कुछ धातु जैसी चीज टकराने की आवाज सुनाई दी। जब उसने और उसके साथी कामगारों ने वहां से मिट्टी हटाई तो उन्हें लगा कि यह मामूली सिक्के हैं, लेकिन और गहराई तक जाने पर सोने की चमकदार छड़ें और प्राचीन सिल्लियां बाहर आने लगीं।
बीबीसी के अनुसार इतिहासकारों और विशेषज्ञों का मानना है कि यह खजाना 19वीं सदी का है और इसका संबंध उस समय की एक प्रसिद्ध बीयर फैक्ट्री के मालिक थियोफिलस वान एशे से है। माना जा रहा है कि उस दौर की राजनीतिक उथल-पुथल या वित्तीय असुरक्षा के चलते उन्होंने अपनी जिंदगी भर की कमाई को इस तरह तहखाने की दीवार में चुनवा कर सुरक्षित छिपा दिया होगा। दशकों तक दीवार के पीछे दबे रहने के कारण यह खजाना आज तक किसी की नजरों में नहीं आ सका था।
खबर फैलते ही इलाके में भारी भीड़ जुटने लगी और लोग अपने स्तर पर खजाना तलाशने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया और बरामद किए गए पूरे खजाने को सुरक्षित सरकारी तिजोरी में स्थानांतरित कर दिया गया है।
बेल्जियम के कानूनों के अनुसार यदि कोई ऐतिहासिक खजाना मिलता है तो उसके असली मालिकों या वारिसों की खोज के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाती है। असली मालिक या उनके वंशजों को इस खजाने पर अपना दावा साबित करने के लिए पांच साल का समय दिया जाएगा। अगर तब भी कोई भी वैध वारिस सामने नहीं आता है, तो संपत्ति कानून के आधार पर इस संपत्ति को उस जमीन के मालिक और खजाना खोजने वाले मजदूरों के बीच विभाजित कर दिया जाएगा।



