अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। एडीएसए स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने सावधान की मुद्रा में तिरंगे को नमन किया।
समारोह की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत के गायन के साथ हुई। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने रेलवे सुरक्षा बल तथा स्काउट-गाइड की परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपना संदेश पढ़कर सुनाया।
समारोह में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों ने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े। इसके साथ ही वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती रिंकल भूतड़ा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अजमेर मंडल के अजमेर, आबूरोड, मारवाड़, उदयपुर, भीलवाड़ा सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।



