अजमेर। अग्रवाल समाज महिला समिति की ओर से वैशाली नगर स्थित लायंस भवन में तीज महोत्सव हर्षोल्लास और पारंपरिक रंग में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष संतोष बंसल ने की। मुख्य अतिथि नीलू गुप्ता ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
संस्था की महासचिव सुषमा अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में संस्था की मुख्य शाखा के संरक्षक जंवरीलाल बंसल, विनय गुप्ता एवं छाया गर्ग, अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल तथा उपाध्यक्ष नरेंद्र बंसल एवं प्रदीप बंसल सहित अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। तीज महोत्सव में 100 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। महिलाएं पारंपरिक रंग-बिरंगे लहरिया परिधानों में पहुंचीं, जिससे कार्यक्रम स्थल पर राजस्थानी संस्कृति की मनमोहक छटा नजर आई।
कोषाध्यक्ष अंजना मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लहरिया थीम पर भजन और नृत्य प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही विभिन्न मनोरंजक खेल एवं हाउजी का आयोजन किया गया। खेलों में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन अनिता बंसल एवं अंशु बंसल ने किया।
कार्यक्रम के समापन पर महाराजा अग्रसेन जी की आरती की गई। इसके बाद महिलाओं ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। महोत्सव के आयोजन में कोमल गोयल, सरोज बंसल, हेमा गर्ग, हंसा अग्रवाल, माधुरी कंदोई, नीलम अग्रवाल सहित समिति की अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।



