अजमेर। नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन (एनएमओ) अजयमेरू की ओर से ग्रीन ड्राइव अभियान के तहत शनिवार को माकड़वाली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नीम, जामुन, शीशम और अर्जुन के कुल 50 पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में करीब 70 चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई। पौधरोपण कार्यक्रम में एनएमओ की कार्यकारिणी सदस्यों के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. ज्योत्स्ना रंगा, जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अनिल सामरिया, जेएलएन अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे, डॉ. लाखन पोसवाल एवं अजमेर के बीसीएमओ डॉ. जसवंत सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रांत संरक्षक डॉ. राजेश खत्री की भी उपस्थिति रही।
वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. धर्मेंद्र बी. नागपाल, डॉ. विजयपाल एवं डॉ. संजीव सूडिया का विशेष सहयोग रहा। एनएमओ पदाधिकारियों ने बताया कि ग्रीन ड्राइव के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज में हरित क्षेत्र बढ़ाने और लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।



