खैरथल-तिजारा। राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम थाना क्षेत्र में सोमवार को निजी स्कूल बस की चपेट में आने से मोटर साइकिल पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुणसोर गांव का करण धानक सुबह मोटर साइकिल से मजदूरी के लिए जा रहा था। इसी दौरान वह गुरगचका गांव के समीप एक निजी स्कूल की बस की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे बीबीरानी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक के नहीं मिलने से इलाज नहीं हो सका।
परिजनों के अनुसार कंपाउंडर भी उसे कहीं और नहीं भेज पाया और करीब आधे घंटे तक 108 एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद परिजन निजी वाहन से करण को अलवर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।



