भिंड : प्रेम-प्रसंग में बाधा बनी 6 साल की बेटी की हत्या, मां और प्रेमी अरेस्ट

0

भिण्ड। मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार थाना क्षेत्र में करीब दो महीने पहले कुएं में मिली 6 वर्षीय बच्ची की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों साथ रहना चाहते थे और बच्ची उनके रिश्ते की जानकारी परिवार को बताने की बात कह रही थी। इसी डर से दोनों ने उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था।

पुलिस के अनुसार बच्ची की मां ज्योति की शादी करीब आठ-नौ वर्ष पहले अटेर क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह से हुई थी। उसके दो बच्चे थे, आठ वर्षीय बेटा और छह वर्षीय बेटी सृष्टि। धर्मेंद्र गुजरात के वडोदरा में पेंटिंग का काम करता था। इसी दौरान मेहरा गांव निवासी रामशंकर शर्मा भी वडोदरा में पेंटिंग का काम करता था और दोनों साथ काम करते थे।

पुलिस के मुताबिक धर्मेंद्र के पास मोबाइल नहीं था, इसलिए वह घर पर बात करने के लिए रामशंकर का फोन इस्तेमाल करता था। इसी दौरान ज्योति की भी रामशंकर से बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। ज्योति ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीता था और घर की जरूरतें ठीक से पूरी नहीं करता था, जबकि रामशंकर उसकी आर्थिक मदद करता था। इसके बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया।

पुलिस के अनुसार इसी वर्ष अप्रैल में ज्योति पति को छोड़कर रामशंकर के साथ चली गई थी और बेटी को भी साथ ले गई थी। करीब दस दिन बाद उसके पिता को जानकारी मिलने पर उन्होंने उसे समझाकर वापस बुलाया और परिवार ने उसे पति के पास भेज दिया। हालांकि ज्योति और रामशंकर के बीच बातचीत जारी रही। 27 मई को दोनों ने दोबारा घर से निकलने की योजना बनाई और ज्योति बेटी को लेकर रामशंकर के साथ चली गई।

दोनों पहले उत्तरप्रदेश के जालौन में एक रिश्तेदार के यहां रुके और फिर ग्वालियर पहुंचे। कुछ दिन ग्वालियर में रहने के बाद दोनों सेवढ़ा और फिर महिला के मायके के आसपास के क्षेत्र में पहुंचे। पुलिस के अनुसार पांच जून की रात दोनों मेहरा गांव के खेत में बनी झोपड़ी में रुके थे। यहां ज्योति की छह वर्षीय बेटी नाना-नानी के घर जाने की जिद करने लगी। बच्ची ने कहा कि उसे नहीं ले जाया गया तो वह दोनों के संबंधों की जानकारी परिवार को बता देगी।

पुलिस के मुताबिक बच्ची की बात से ज्योति को डर था कि परिवार को जानकारी मिलने के बाद उसे फिर पति के पास भेज दिया जाएगा। इसके बाद दोनों ने बच्ची को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पूछताछ में ज्योति ने कथित तौर पर बताया कि उसने बच्ची के दोनों हाथ पकड़ लिए और रामशंकर ने उसका गला दबा दिया। बच्ची की मौत के बाद दोनों ने शव को खेत में बने कुएं में फेंक दिया। घटना पांच और छह जून की दरमियानी रात की बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 15 जून की सुबह मेहरा गांव के खेत में बने कुएं में बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया, लेकिन शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में नाना पक्ष के परिवार ने शव की पहचान छह वर्षीय सृष्टि के रूप में की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्ची की मां ज्योति भी गायब है और उसके रामशंकर के संपर्क में होने की जानकारी मिली।

लहार पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। इसी बीच दोनों के ग्वालियर में होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर ज्योति और रामशंकर को हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार ज्योति ने घटना स्वीकार करते हुए हत्या से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी दी।

जांच के दौरान पुलिस को ज्योति के सोशल मीडिया से जुड़े वीडियो भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार ज्योति को रील बनाने का शौक था और रामशंकर के साथ उसके वीडियो भी सामने आए हैं। पुलिस दोनों के मोबाइल और सोशल मीडिया से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

लहार थाना प्रभारी शिव सिंह यादव ने बताया कि बच्ची की मौत के मामले में लगातार जांच की जा रही थी। मां और उसके प्रेमी की भूमिका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में हत्या की वजह और घटनाक्रम सामने आया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।