भोपाल में 17 वर्षीय किशोर की हत्या का खुलासा, मास्टरमाइंड सहित हिरासत में 5 आरोपी

0

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में छोटे तालाब के धोबीघाट के पास 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 20 वर्षीय जोहेब खान, 18 वर्षीय आमिर कुरैशी और तीन विधि-विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश करीब एक महीने पहले रची गई थी और मुख्य आरोपी जोहेब ने साथियों को किशोर के शरीर के एक अंग के बदले 1.20 करोड़ रुपए मिलने का लालच दिया था।

पुलिस के अनुसार मृतक इकबाल मैदान और मोती मस्जिद क्षेत्र में पेन तथा चाबी के छल्ले बेचता था। उसकी मां मजदूर नगर स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में सफाई का काम करती है। आरोपियों ने करीब एक महीने पहले उससे दोस्ती की थी।

पुलिस के मुताबिक छह अगस्त को दो विधि-विरुद्ध बालक इकबाल मैदान पहुंचे और किशोर को खट्टापुरा के पास कुछ लड़कों से विवाद होने की बात कहकर अपने साथ चलने के लिए कहा। इसके बदले उसे 100 रुपए देने का लालच दिया गया। किशोर उनके साथ चल पड़ा और रास्ते में एक अन्य नाबालिग भी उनके साथ हो गया। चारों उसे गिन्नौरी और किलोल पार्क होते हुए छोटे तालाब के धोबीघाट की ओर ले गए। इस दौरान जोहेब मोबाइल फोन के जरिए उनके संपर्क में रहा।

पुलिस के अनुसार धोबीघाट के पास सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद पीछे से किशोर पर हमला किया गया और उसे पकड़कर तीन आरोपियों ने चाकू से वार किए। किशोर की मौत के बाद आरोपियों ने जोहेब को वीडियो कॉल किया, जिस पर उसने उन्हें आगे के निर्देश दिए।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी जोहेब खुद को डॉक्टर बताता था। उसने अपने साथियों को एक वीडियो दिखाकर 15-16 वर्ष के लड़के के निजी अंग के बदले 1.20 करोड़ रुपए मिलने का लालच दिया था। पुलिस के अनुसार इसी लालच में हत्या की साजिश रची गई।

श्यामला हिल्स पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस मोबाइल की जांच के साथ आरोपियों के मोबाइल फोन और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है। उनके बयानों का घटनास्थल, पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों से मिलान किया जा रहा है।

पुलिस को 10 अगस्त को छोटे तालाब के धोबीघाट के पास किशोर का शव मिला था। पहचान नहीं होने पर शव को दफना दिया गया था। बाद में कपड़ों, चप्पलों और हाथ पर लिखे निशान के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान की।

पुलिस अब परिजनों की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार मामले में तलैया और श्यामला हिल्स पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए हत्या का खुलासा किया है।