माफिया अतीक अहमद के करीबी जेपी दुबे की 25 करोड़ की संपत्ति कुर्क

0

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के करीबी बताए जाने वाले जय प्रकाश दुबे उर्फ जेपी दुबे की करीब 25 करोड़ रुपए कीमत की अचल संपत्ति मंगलवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कर ली गई।

पुलिस के अनुसार कुर्क की गई संपत्तियां पांच अलग-अलग मौजा में स्थित कुल 10 गाटों की 7482.66 वर्गमीटर भूमि है। पुलिस आयुक्त न्यायालय ने 17 अगस्त को संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया था, जिसके अनुपालन में प्रशासन ने कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार जय प्रकाश दुबे पुत्र हरि प्रसाद दुबे एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के शाहा उर्फ पीपलगांव का निवासी है। उसका स्थायी पता जौनपुर जिले के पवारा थाना क्षेत्र के सोंगरा मनी पट्टी गांव का है। पुलिस का दावा है कि वह अतीक अहमद गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है और अपराध से अर्जित धन से उसने इन संपत्तियों को खरीदा था।

जय प्रकाश दुबे के खिलाफ कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट का मामला भी शामिल है। यह मुकदमा वर्ष 2025 में एयरपोर्ट थाने में दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने उन संपत्तियों को चिह्नित किया, जिन्हें कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन से खरीदा गया था। इसके बाद संपत्तियों की कुर्की के लिए रिपोर्ट पुलिस आयुक्त न्यायालय में प्रस्तुत की गई।

कुर्क की गई संपत्तियां सदर तहसील के शाहा उर्फ पीपलगांव, रहीमाबाद, कटहुला गौसपुर और चन्द्रभानपुर मौजा में स्थित हैं। इनमें शाहा उर्फ पीपलगांव में तीन गाटों में 530.26 वर्गमीटर, रहीमाबाद में दो गाटों में 1960 वर्गमीटर, कटहुला गौसपुर में दो गाटों में 1985 वर्गमीटर तथा चन्द्रभानपुर में तीन गाटों में 3007.40 वर्गमीटर भूमि शामिल है।

पुलिस के मुताबिक कुल 7482.66 वर्गमीटर भूमि की बाजार कीमत करीब 25 करोड़ रुपए आंकी गई है। न्यायालय में प्रस्तुत अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया यह माना गया कि उक्त संपत्तियां अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थीं। इसके बाद एयरपोर्ट थाना प्रभारी को कुर्क संपत्तियों का प्रशासक नियुक्त किया गया है, ताकि उन पर अवैध कब्जा या अतिक्रमण न हो सके।

डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने कहा कि संगठित अपराध तथा अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऐसे मामलों में संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।