नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के टीकरी कलां स्थित सीएनजी स्टेशन पर बुधवार को भीषण विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य राहगीर घायल हो गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मृतकों का नाम मनीष (25), ब्रह्मजीत (34) और सन्नी (30) है, जो सभी सीएनजी स्टेशन के कर्मचारी थे। वहीं घायल सुरजीत, संजय और विपिन को मुंडका के सीडी ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अग्निशमन विभाग के मुताबिक यह हादसा दिन में करीब 3:20 बजे उस वक्त हुआ, जब एक रिफिलिंग ट्रक से सीएनजी पंप पर गैस ट्रांसफर की जा रही थी। इसी दौरान ट्रक पर रखा एक सिलेंडर जोरदार धमाके से फट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
फायर ब्रिगेड को दोपहर 3:37 बजे घटना की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद अग्निशमन विभाग और बाहरी जिले के वरिष्ठ अधिकारियों समेत पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने बताया कि चश्मदीदों के अनुसार हादसे में छह लोग घायल हुए थे, जिनमें से तीन ने बाद में दम तोड़ दिया।
विस्फोट के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि इस बात की जांच की जा रही है कि हादसा गैस लीक की वजह से हुआ या रिफिलिंग सिस्टम में कोई तकनीकी खराबी थी या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।



