भरतपुर/कोटपूतली-बहरोड़। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले में कोटपूतली थाने के पुलिस उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह को साढ़े तीन हजार रुपए एवं भरतपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हलैना में पदस्थापित नर्सिंग ऑफिसर ग्रेड-द्वितीय मुरारीलाल मीना को एक हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो सूत्रों के अनुसार एसीबी चौकी अलवर को परिवादी द्वारा शिकायत की गई कि उसके द्वारा बैंक के विरुद्ध न्यायालय के माध्यम से कोटपूतली थाने में दर्ज मुकदमे का अनुसंधान राजेन्द्र सिंह द्वारा किया जा रहा था। प्रकरण में आगे की कार्यवाही करने की एवज में उससे पांच हजार रुपए की रिश्वत की मांग की जा रही है।
इस पर एसीबी चौकी अलवर प्रथम द्वारा गत 19 अगस्त को रिश्वत राशि मांग का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान राजेन्द्र सिंह द्वारा परिवादी से पांच रुपए रिश्वत की मांग करना तथा डेढ़ हजार रुपए रिश्वत राशि प्राप्त करना पाया गया। शेष साढे़ तीन हजार रुपए की रिश्वत बाद में प्राप्त करना तय हुआ।
इसके बाद आज ट्रैप कार्यवाही के दौरान राजेन्द्र सिंह परिवादी से साढ़े तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी से रिश्वत राशि बरामद की गयी। आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।
भरतपुर में नर्सिंग ऑफिसर को घूस लेते दबोचा
इसके अलावा भरतपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हलैना में पदस्थापित नर्सिंग ऑफिसर ग्रेड-द्वितीय मुरारीलाल मीना को एक हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी चौकी भरतपुर को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि श्री मुरारीलाल मीना द्वारा उसके बेरोजगारी भत्ते की उपस्थिति करने एवं उपस्थिति को ऑनलाइन करने की एवज में पांच सौ रुपए प्रति महीने के हिसाब से चार महीनों के दो हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।
इस पर गत 19 अगस्त को रिश्वत राशि मांग का सत्यापन कराया गया और इस दौरान मीना द्वारा डेढ़ हजार रुपए रिश्वत राशि लेने पर सहमति जताते हुए 500 रुपए रिश्वत राशि प्राप्त कर ली गई। मांग की पुष्टि के बाद गुरुवार को ट्रैप कार्यवाही करते हुए मीना को परिवादी से शेष एक हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।



