मुंबई में पानी की टंकी में डूबने से दो किशोरों की मौत

1

मुंबई। मुंबई के गोरेगांव में शुक्रवार को एक तबेले की पानी की टंकी में तैरते समय डूबने से दो किशोर लड़कों की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मुंबई के एक उपनगर गोरेगांव की आरे कॉलोनी स्थित गौतम नगर में हुई, जहां तबेले की पानी की टंकी में तैरते समय डूबने से दो किशोर लड़कों की मौत हो गई। इस घटना की सूचना सुबह करीब 11:55 बजे गोरेगांव (पूर्व) में मॉडर्न बेकरी जंक्शन के पास से पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी गयी। इसके बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवाओं और वार्ड स्टाफ के कर्मी मौके पर पहुंचे।

बचाव टीमों ने पानी की टंकी से दोनों लड़कों को बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए ट्रॉमा केयर अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों ने बताया कि एचबीटी अस्पताल में उपस्थित डॉक्टर ने दोपहर करीब 1:48 बजे दोनों को मृत लाया गया घोषित कर दिया।

जोगेश्वरी गुन्फा इंग्लिश मीडियम सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्य धूमल ने दोपहर बाद करीब 3:34 बजे पुष्टि की कि दोनों लड़के उनके संस्थान के छात्र थे और आज स्कूल में अनुपस्थित दर्ज किए गए थे। पुलिस ने घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।